अल्मोड़ा के जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की अपराहन से रुक रुक कर वर्षा का दौर जारी है। इससे पहाड़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले के बिनसर समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ।
उधर अल्मोड़ा हल्द्वानी राजमार्ग क्वारब में अत्यधिक कीचड़ आने से बड़े वाहनों के लिए सुबह से ही बंद है। इस मार्ग पर केवल छोटे वाहनों का ही आवागमन हो रहा है। धौला देवी क्षेत्र में मंगलवार देर रात्रि से ही विद्युत आपूर्ति ठप है। अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 14 तथा न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिले की सबसे ऊंची भरतकोट व द्रोणागिरि पर्वत श्रंखलाओं में मौसम का दूसरा हिमपात हुआ है। इधर पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले करीब 17 घंटों से रिमझिम वर्षा जारी है। तापमान में अच्छी खासी गिरावट आ गई है।


