उत्तरकाशी में देहरादून से पहुंची विजिलेंस विभाग की टीम ने लोनिवि भटवाड़ी के जिला मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय से एक अमीन को दस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई से कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, टीम के द्वारा अमीन से कार्यालय में ही पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस टीम को उत्तरकाशी के ही एक शिकायतकर्ता से सड़क निर्माण की जद में आई भूमि कटान के मुआवजे के ऐवज में एक अमीन के द्वारा दस हजार रुपये रिश्वत मांगी जाने की शिकायत मिली थी। इस पर विजिलेंस विभाग की टीम ने अमीन को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सुबह करीब दस बजे जैसे ही शिकायतकर्ता विजिलेंस टीम के इशारे पर अमीन को रिश्वत देने पहुंचा और अमीन ने रिश्वत स्वीकार की तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, विजिलेंस की इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया। सभी कर्मचारी कार्यालय से बाहर आ गये। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम में तीन इंस्पेक्टर सहित 10 से 11 अधिकारी शामिल हैं। टीम के द्वारा कार्यालय में ही शिकायतकर्ता व रिश्वत लेने अमीन से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद अमीन को विजिलेंस मुख्यालय देहरादून ले जाया जायेगा।


