अल्मोड़ा के दन्यां क्षेत्र में दो दिन पूर्व नाबालिग के साथ दुष्कर्म और आपत्तिजनक फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने की घटना के विरोध में दन्यां क्षेत्र में शनिवार को विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व चित्रगुप्त पीठ जागेश्वर के महामंडलेश्वर लाला बाबा ने किया। जागेश्वर से दन्यां बाजार तक निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
रैली के दौरान वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में बाहरी लोगों का सत्यापन अनिवार्य करने, किराये पर रखने से पूर्व पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने तथा प्रशासन से कानून-व्यवस्था को लेकर कठोर रुख अपनाने की मांग रखी। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा। रैली में महामंडलेश्वर लाला बाबा के अलावा ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश भट्ट, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज पंत, पहाड़ी छोरा ग्रुप के पदाधिकारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डसीला सहित दर्जनों ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और समाज को ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। प्रशासन से पीड़िता को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की, धौलादेवी ब्लाक के एक गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पालीटेक्निक संस्थान में अध्ययनरत है। आरोपित के मुस्लिम समुदाय से जुड़े होने से क्षेत्र के लोगों में गुस्सा है।
स्वजन के अनुसार, वह अपनी बीमारी के उपचार के लिए हल्द्वानी गए हुए थे। इसी दौरान आरोपित युवक ने मौका पाकर नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की और रात के समय घर में घुसकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपित ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो भी मोबाइल में रिकार्ड कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को डराता रहा। आरोपित ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के स्वजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित की तलाश तेज की। पुलिस ने आरोपित 20 वर्षीय सोहेल पुत्र मोहम्मद युनुस निवासी ग्राम बुढ़ानपुर, भगतपुर मुरादाबाद को 12 घंटे के भीतर चापड़ बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दन्यां थाना प्रभारी दिनेश नाथ महंत ने बताया कि पाक्सो सहित बीएनएस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है तथा इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपित को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमित जोशी, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, पीयूष भट्ट, जगत सिंह मौजूद थे।



