अल्मोड़ा

अल्मोड़ा की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक मनोज तिवारी, सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा और नंदाष्टमी अवकाश का उठाया मुद्दा

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Jul 25, 2026 06:25 144 views 0 Comments
अल्मोड़ा की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक मनोज तिवारी, सड़क,स्वास्थ्य,शिक्षा और नंदाष्टमी अवकाश का उठाया मुद्दा

अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर अल्मोड़ा जनपद से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।इस दौरान उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं, सड़क,स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विषयों सहित ऐतिहासिक नंदादेवी मेले के अवसर पर नंदाष्टमी के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। विधायक मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अल्मोड़ा नगर निगम में बीते दिनों कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन एवं आमरण अनशन किया गया था।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है,ताकि नगर निगम की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय में सकारात्मक हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया।इसके साथ ही विधायक तिवारी ने अल्मोड़ा जनपद की मूलभूत समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण अल्मोड़ा में सड़क,स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।उन्होंने विभिन्न संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किए जाने की मांग की।विधायक मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया कि अल्मोड़ा जिले की सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण,सिंचाई योजनाओं तथा जनहित से जुड़ी अन्य विकास योजनाएं, जो वर्तमान में स्वीकृति के लिए शासन स्तर पर लंबित हैं, उन्हें शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा,किसानों को लाभ मिलेगा और जिले के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से पूरे प्रदेश की पहचान है। 

यहां आयोजित होने वाला मां नंदादेवी महोत्सव और नंदाष्टमी प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति,परंपरा और आस्था का प्रतीक है।इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु और पर्यटक अल्मोड़ा पहुंचते हैं तथा जनसहभागिता के साथ यह पर्व मनाया जाता है। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए नंदाष्टमी के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए जिससे प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी होने का अवसर मिल सके।मनोज तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनहित से जुड़े इन विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे और अल्मोड़ा की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सड़क,स्वास्थ्य,सिंचाई और शिक्षा से जुड़े आवश्यक कार्यों के अलावा शासन स्तर पर लंबित विकास योजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति मिलेगी।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि अल्मोड़ा की प्रत्येक जनसमस्या को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाए और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप उनका समाधान सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर उनकी यह पहल भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी ताकि अल्मोड़ा विकास के नए आयाम स्थापित कर सके और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment