मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से मांगी माफी, CM धामी ने मीका-दलेर को उत्तराखंड आने का दिया न्योता
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 26, 2026 11:02
•
146 views
•
0 Comments
टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने से उपजे विवाद को शांत करने की पहल हुई है। चर्चा है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों गायक भाइयों दलेर मेहंदी और मीका सिंह को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है। इस घटनाक्रम के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया है। मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। साथ ही उम्मीद जताई कि अब विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान के साथ इसे समाप्त किया जा सकेगा। मीका सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे और दलेर मेहंदी से बात की।
मीका ने मुख्यमंत्री के बातचीत के तरीके की सराहना भी की। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि वे जल्द ही प्रदेश में कार्यक्रम करने की योजना बना रहे हैं। इस बारे में कैबिनेट मंत्री का पक्ष लेने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। विवाद की शुरुआत सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के बीच मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप करते हुए गायक पर लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई के समर्थन में प्रतिक्रिया दी थी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!