नैनीताल के गरमपानी क्षेत्र से एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने एक विशेष समुदाय के युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार युवती करीब तीन महीने से लापता है। परिवार का आरोप है कि क्षेत्र में सैलून चलाने वाला एक युवक उसे अपने साथ ले गया। युवती की मां ने बताया कि बेटी का फोन आया था, जिसमें उसने जबरन साथ ले जाने और मारपीट किए जाने की बात कही।
मामले को लेकर परिजन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भवाली कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद युवती की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर भेजी हैं। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवती की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


