टिहरी में प्रेम प्रसंग में हत्या के बाद परिजन और ग्रामीणों का अस्पताल में हंगामा, आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इन्कार

नई टिहरी के विकासखंड प्रतापनगर के देवल गांव निवासी अनुसूचित जाति के 18 वर्षीय केतन लाल की प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। लेकिन, पोस्टमार्टम के बाद भी स्वजन ने शव नहीं उठाया था। कहा कि जब तक घटना को अंजाम देने वाले यशवीर सिंह और उसके पूरे परिवार के लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक शव नहीं उठाएंगे। क्योंकि दम तोड़ते समय केतन ने बयान दिया था कि घटना को यशवीर सिंह के पूरे परिवार ने अंजाम दिया है। वहीं, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी के स्वजन को मनाने के बाद वे मान गए हैं और उन्होंने बुधवार सुबह शव ले जाने की बात कही है। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे एएसपी दीपक सिंह, सीओ चंबा महेश लेखड़ा, सीओ टिहरी चंद्रमोहन, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, कोतवाल नई टिहरी ऐश्वर्य पाल और चिकित्सकों की निगरानी में केतन लाल के शव का पोस्टमार्टम किया गया।

- Advertisement -

एएसपी ने मृतक के स्वजन और ग्रामीणों को बताया कि उक्त प्रकरण में कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। सभी आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन, आक्रोशित लोग सुनने को तैयार नहीं हुए। देर शाम तक वे अस्पताल में डटे रहे। ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर और मुख्य गेट पर धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ ग्रामीण डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे से मिलने उनके कार्यालय भी पहुंचे। लेकिन उनके आश्वासन पर भी वह नहीं माने। स्वजन और ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में पुलिस ने सभी आरोपितो को गिरफ्तार नहीं किया है। अभी तक मात्र एक आरोपित और किशोरी के पिता यशवीर सिंह को ही गिरफ्तार किया गया है। जब तक मारपीट करने वाले सभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है। शव को अस्पताल से नहीं उठाएंगे।

- Advertisement -

थाना लंबगांव क्षेत्र के ग्राम देवल निवासी अनुसूचित जाति के युवक केतन लाल के सामान्य जाति की नाबालिग लड़की से मोबाइल पर बात करने को लेकर किशोरी के स्वजन नाराज थे। जिस पर किशोरी के स्वजन ने युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गंभीर घायल कर दिया था। जिसके बाद युवक की अस्पताल सीएचसी चौंड, लंबगांव में मौत हो गई थी। जबकि युवक के एक दोस्त को भी गंभीर चोटें आई है। जिसका जिला अस्पताल बौराड़ी के बाद अब हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। आरोप है कि मृतक युवक को किशोरी ने अपने स्वजन के कहने पर फोन कर रात को अपने घर बुलाया। युवक अपने दोस्त के साथ ग्राम खोलगढ़ पहुंचा। जहां युवती के स्वजन की ओर से दोनों युवकों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा गया।

- Advertisement -

इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष युवराज शाह, हरि डिमरी, दिनेश लाल, अजय पाल, जगदीश शाह, सूरज लाल, मोहन लाल, विजय लाल, रविंद्र कुमार, मोहन लाल, मुकेश कुमार, दयाराम आदि मौजूद रहे। मृतक केतन के पिता धनपाल लाल ने मंगलवार को निर्मम व जघन्य हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि यशवीर पंवार सहित उसके परिवार वालों ने केतन के पांवों में कील ठोकने का भी कुकृत्य किया है। जिससे उनके पुत्र की तड़प-तड़प कर मौत हुई है। भावुक होकर उन्होंने कहा कि मौत के बदले मौत के रूप में उन्हें न्याय मिलना चाहिए। सभी दोषियों को न्यायालय मौत की सजा देने का फैसला सुनाए। कहा कि उनके बेटे को मारने वाले सभी आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version