रुद्रपुर में कुत्तों का भौंकना युवकों को नागवार गुजरा। उन्होंने कुत्तों पर हमला कर दिया। यह देख कुत्तों की स्वामिनी ने विरोध किया तो उससे गाली गलौज की गई। जब महिला का पति और पुत्र आया तो उनसे मारपीट की गई। शोर होने पर बीच बचाव को आए पड़ोसी और उसके स्वजन से भी मारपीट की गई। इससे सात लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने पथराव भी किया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
ट्रांजिट कैंप निवासी कमल मंडल ने बताया कि वह आजाद नगर हनुमान मंदिर गली में रहता है। शुक्रवार रात कई युवक उनके घर के सामने से जा रहे थे। उनके घर के पास सपना राय पत्नी संजीव राय के दो पालतू कुत्ते बंधे हुए थे। युवकों को देखकर कुत्ते भौंकने लगे। इस पर युवक कुत्तों को मारने लगे। यह देख सपना ने विरोध किया तो युवक गाली गलौज करने लगे। शोर होने पर सपना का पति संजीव, पुत्र अभिषेक बाहर आ गए और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच वह भी शोर सुनकर अपने घर से बाहर आ गया। जहां पर युवक सपना राय के पति और बेटे पर ईंट से वार कर रहे थे।
जब उसने बीच बचाव का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की। इस पर उसकी पत्नी बसंती मंडल, पुत्री पूजा, पुत्र राजीव मंडल, मां सुंदरी भी बाहर आए और बीच बचाव करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनसे भी मारपीट की। इस पर वह स्वजन के साथ घर के भीतर जान बचाकर भागा और पुलिस को सूचना दी। इससे पहले कि पुलिस पहुंचती आरोपित युवकों ने उनके घर में पथराव कर दिया। घर के बाहर पार्क ई-रिक्शा और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त कर दी। कमल मंडल ने पुलिस से आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल मोहन पांडे ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।



