पंतनगर (उद्धम सिंह नगर) के एक फाइव स्टार होटल में दिल्ली की 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामनेय आया है। मृतक महिला का नाम ज्योति शर्मा है और दिल्ली के लोधी रोड में रहती थी। महिला को जब अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक ज्योति अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ रेडिसन ब्लू होटल में रुकी थीं। मंगलवार देर रात कथित तौर पर उनकी तबीयत खराब हो गई थी। पुलिस ने बताया कि चौधरी ने इसके बाद होटल के रिसेप्शन पर संपर्क किया, जिसके बाद ज्योति को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में अमित से पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम घटनास्थाल पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए। शुरुआती जांच में पता चला है कि ज्योति, दिल्ली के छतरपुर के रहने वाले चौधरी के साथ भवाली स्थित कैंची धाम जा रही थीं और रास्ते में एक होटल में ठहरी थीं। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शर्मा और चौधरी के बीच क्या रिश्ता था। इस बीच, ज्योति की बहन ने अमित चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस के मुताबिक, परिवार ने अबतक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वहीं परिवार के अस्पताल पहुंचने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पूरी होने के बाद ही मौत की वजह का पता लगेगा।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने कहा किब्लू होटल में महिला की संदिग्ध मौत की सूचना के बाद घटना स्थल का मुआयना किया गया है और फॉरेंसिक टीम से भी घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। मामले के सभी पहलुओं को जल्द से जल्द उजागर किया जााएगा।



