मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ के मौके पर कहा कि देवभूमि में किसी भी कीमत पर घृणित व कट्टरपंथी सोच को पनपने नहीं दिया जाएगा। हमारी सख्त कार्रवाई से कांग्रेस को तकलीफ इसलिए होती है क्योंकि जिन घुसपैठियों को उन्होंने देवभूमि में शरण दी, उन्हें हमने बाहर का रास्ता दिखा दिया। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ठुलीगाड़ से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया।
उन्होंने इस मेले को पूरे वर्ष संचालित करने की दिशा में कार्य करने का संकल्प दोहराया। बोले, धाम को स्थायी एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य तय किया गया है। अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सुगम बनाने और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान सीएम ने 74.54 करोड़ की लागत से नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। अपने संबोधन में सीएम कांग्रेस पर भी खूब बरसे। कहा कि जब भी जनहित में सरकार कोई ठोस निर्णय लेती है तो कांग्रेस की तथाकथित अर्बन नक्सल टूलकिट तुरंत सक्रिय हो जाती है।
विकास व सुधार के हर कदम को भटकाने की कोशिश की जाती है। विकास व देवभूमि की अस्मिता की रक्षा के लिए जो हमारे कठोर निर्णय हैं, वह विपक्ष को हजम नहीं हो रहे हैं। उन्हें अपच हो रही हैं, लेकिन उत्तराखंड की जागरूक जनता सब समझती है। वह जानती है कि हमारे निर्णय राजनीति के लिए नहीं बल्कि प्रदेश के हित को लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी आइटीबीपी पहुंचकर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए तथा उनका उत्साहवर्धन किया। कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में हिमवीरों का योगदान अतुलनीय है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात हमारे वीर जवान देशवासियों की सुरक्षा का सशक्त कवच हैं। होली व अन्य पर्वों में अपने परिवारों से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा में समर्पित हिमवीरों का त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।



