उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पॉक्सो के आरोप में जेल जा चुके बर्खास्त शिक्षक के घर से एके-47 का एक कारतूस, दो अवैध तमंचे और कुल 17 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है। वनभूलपुरा रेलवे प्रकरण में प्रस्तावित सुनवाई से पहले इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात वनभूलपुरा थाने को गौजाजाली स्थित एक घर में पारिवारिक विवाद और मारपीट की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आयशा मस्जिद क्षेत्र निवासी मोबिन खान के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एके-47 का एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा 315 बोर और 12 बोर के दो अवैध तमंचे तथा 16 अन्य कारतूस भी मिले। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाल डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि मोबिन खान पहले नैनीताल जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक था। कुछ वर्ष पूर्व उस पर मुखानी क्षेत्र में एक छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा था। मुकदमा दर्ज होने के बाद वह करीब सात वर्ष तक जेल में रहा और इसी कारण उसे शिक्षा विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था।
सोमवार को पारिवारिक झगड़े की सूचना पर पुलिस घर पहुंची तो तलाशी में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास एके-47 का कारतूस और अन्य हथियार कहां से आए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। संवेदनशील मामलों की सुनवाई से पहले सतर्कता बढ़ाई गई है और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



