रुड़की के कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर गांव में मोहर्रम के जुलूस के दौरान बवाल हो गया। यहां किसी ने जुलूस पर पत्थर फेंक दिया। जिस पर अफरा तफरी मच गई। आक्रोशित भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद यहां पर भीड़ जमा हो गई। स्थिति तनाव पूर्ण होती देख पुलिस बल भी गांव में पहुंच गया और किसी तरह से भीड़ को शांत किया। विधायक फुरकान अहमद ने भी लोगों से बात की और मामले को शांत कराया।
पुलिस अधीक्षक देहात शेखर सुयाल ने बताया कि रास्ते में ईंट का टुकड़ा गिरा होने की वजह से कुछ गलतफहमी हो गई थी। मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न हुआ और पुलिस अफवाह फैलाने वाले को चिन्हित करने का काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति शराब के नशे में था और उसी ने शराब की बोतल को जुलूस की तरफ फेंक दिया था, जिसकी वजह से यह सब बवाल हुआ है।


