एक शादीशुदा महिला और किशोरी का रिश्ता दो परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। महिला एक बच्चे की मां है और उसका पति बाहर नौकरी करता है। इस बीच उसे गांव की ही एक किशोरी से प्यार हो गया। दोनों का प्यार इतना परवान चढ़ गया कि वे साथ जीने-मरने की कसम खा चुके हैं। दोनों अपने परिवार को छोड़ने की जिद कर रहे हैं। परिजनों ने रोकने की कोशिश की तो मामला इतना बढ़ गया कि किशोरी ने जान देने की कोशिश तक कर डाली। इसके बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। मामला उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ है। यहां प्रेम-प्रसंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला और एक 17 वर्षीय एक किशोरी के बीच प्रेम-प्रसंग इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों एक साथ रहने की जिद पर अड़ गई हैं।
परिजनों के इनकार करने पर किशोरी खाई कूदकर जान देने की कोशिश तक कर चुकी है। पुलिस ने किशोरी की काउंसलिंग कराकर उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा है। महिला को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ शहर के समीप एक गांव में इस किशोरी की रिश्तेदारी है। उनके रिश्तेदार के पड़ोस में एक विवाहित महिला रहती है, जिसका एक बच्चा है और पति दूसरे शहर में नौकरी करता है। किशोरी अक्सर अपने रिश्तेदार के घर आती रहती थी। इसी दौरान पड़ोसी महिला और किशोरी के बीच संपर्क हुआ। दोनों के बीच नजदीकियां ऐसे बढ़ीं कीं पिछले करीब एक साल से उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। पुलिस के अनुसार, किशोरी और महिला के बीच समलैंगिग संबंध की बात भी सामने आई है।
दोनों के रिश्ते को परिजनों ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया और बंदिशें लगा दीं। परिवार के इस फैसले से किशोरी इस कदर आहत हुई कि उसने चार दिन पहले खाई में कूदकर जान देने की भी कोशिश की। हालांकि, उसे बचा लिया गया। किशोरी के इस कदम से दोनों परिवार घबराए हुए हैं। रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने दोनों को कानूनी सीमाओं, उम्र के फासले और सामाजिक दुश्वारियों का हवाला देकर समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन किशोरी और महिला जिद पर अड़े रहे। झूलाघाट थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि किशोरी की काउंसलिंग कराई है। सुरक्षा के लिए लिहाज से किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। वहीं, महिला को सख्त हिदायत और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के साथ परिजनों के सुपुर्द किया गया है।



