देहरादून में शासन ने देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 आइएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। आइएएस आशीष चौहान को जिलाधिकारी देहरादून और अपूर्वा पांडेय को जिलाधिकारी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। आइएएस विनय शंकर पांडेय को सचिव स्वास्थ्य व नागरिक उड्डयन विभाग का पदभार सौंपा गया है। स्वास्थ्य सचिव का दायित्व देख रहे सचिन कुर्वे को केंद्र के लिए रिलीव कर दिया गया है। प्रदेश में आगामी चुनाव के दृष्टिगत धामी सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों में बदलाव किया है। माना जा रहा है कि सरकार अब विकास कार्यों को गति देने में कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाह रही है। वहीं, तीन साल से जमे अधिकारियों को इधर उधर किया गया है। राजधानी देहरादून में सबसे चर्चित बदलाव जिलाधिकारी स्तर पर हुआ है। वर्तमान जिलाधिकारी एवं स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सविन बंसल को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है।
नगर निगम देहरादून में भी बदलाव करते हुए नगर आयुक्त नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।उनकी जगह आलोक कुमार पांडेय को नगर आयुक्त देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। शासन ने आयुक्त गढ़वाल मंडल के पद पर अहम बदलाव करते हुए आइएएस आनंद स्वरूप को आयुक्त गढ़वाल मंडल का जिम्मा सौंपा है। शासन ने आइएएस डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सचिव उच्च शिक्षा का जिम्मा सौंपा है। डा रंजीत कुमार सिन्हा से यह जिम्मेदारी वापस ली गई है। आइएएस सोनिका से आयुक्त कर का पदभार वापस लिया गया है। आइएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम की जिम्मेदारी वापस लेते हुए यह दायित्व संदीप तिवारी को सौंपा गया है। आइएएस संजय कुमार को निदेशक समाज कल्याण का दायित्व सौंपा गया है।
आइएएस अभिषेक रूहेला को मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई का दायित्व दिया गया है। आइएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं यू-प्रिपेयर परियोजना निदेशक बनाया गया है। आइएएस दीप्ति सिंह को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम और निदेशक खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा एवं निदेशक कर्मचारी बीमा योजना का पदभार दिया गया है। प्रतीक जैन को आयुक्त कर बनाया गया है, वहीं प्रवीण कुमार से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून का जिम्मा वापस लिया गया है। पीसीएस अधिकारियों में गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग सौंपा गया है।
पीसीएस इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास व निदेशक महिला डेयरी का जिम्मा दिया गया है। सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन, फिंचाराम को अपर जिलाधिकारी पौड़ी, अनिल गर्ब्याल को महाप्रबंधक परिवहन निगम, जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार, योगेश मेहरा को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार और प्रमोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर चंपावत का जिम्मा दिया गया है।



