उत्तराखंड पुलिस बीते लंबे समय से अवैध नशा तस्करों की कमर तोड़ने में लगी हुई है, इस क्रम में हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, हरिद्वार पुलिस के हाथ एक नशा तस्कर आया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है, आरोपी से बरामद हुई स्मैक की कीमत करीब 78 लाख रुपए बताई जा रही है, दरअसल, उत्तराखंड पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार” लगातार नशा तस्करों की कमर तोड़ता हुआ नजर आ रहा है, इसी क्रम में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ”ऑपरेशन प्रहार” के तहत मंगलौर कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने बीती देर शाम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर उसकी तलाशी ली, तलाशी के दौरान पुलिस टीम को युवक के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है, गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपना नाम हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला थाना लक्सर जनपद हरिद्वार बताया है, आरोपी मोटरसाइकिल के जरिए स्मैक की सप्लाई करने जा रहा था, हालांकि उससे पहले ही आरोपी पुलिस के हाथ आ गया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है, पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही है, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, आरोपी के पास से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, आरोपी पांच हजार का इनामी है, जिस पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है, पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाया था, एसपी देहात ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है, किसी भी कीमत पर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।



