देहरादून में नगर पंचायत सेलाकुई के वार्ड नंबर एक में स्थित अकबर कॉलोनी का नाम अब बदलकर श्री राम एन्क्लेव कर दिया गया है। यह पहल वार्ड के सभासद विनोद कुमार (सिद्धू) के प्रयासों और डीबीएस कॉलेज के सहयोग से संभव हो पाई। नामकरण के अवसर पर क्षेत्र के कई्र लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभासद विनोद कुमार ने बताया कि लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग थी कि कॉलोनी का नाम बदला जाए। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए आज आधिकारिक रूप से कॉलोनी का नाम बदलकर श्री राम एन्क्लेव रखा गया। स्थानीय लोगों ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए सभासद और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डीबीएस कॉलेज से रोहित रस्तोगी, प्रेम सिंह सामंत, खड़क सिंह, मोहन भट्ट, राजीव बिजलवान, उदय और शशांक कोठारी सहित अन्य लोग शामिल हुए।
देहरादून में कई इलाकों के नाम बदले जा रहे हैं। गढ़ी कैंट क्षेत्र में अंग्रेजी शासन की याद दिलाने वाले नाम जल्द बदले जाएंगे। गढ़ी कैंट बोर्ड की ओर से पारित प्रस्ताव जल्द मध्य कमान को भेजा जाएगा। इसमें प्रमुख सड़कों और जगहों का नाम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखने का सुझाव दिया गया है। क्लेमेंटटाउन के नए नाम शौर्य नगर का प्रस्ताव दिया गया है। गढ़ी कैंट बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्ताव के मुताबिक मालरोड का नाम द्रोणाचार्य मार्ग, यंग रोड का नाम मेजर सोमनाथा मार्ग, बीचर रोड का नाम मेजर धन सिंह थापा मार्ग, शेक्सपीयर रोड का नाम एनके भवानी मार्ग, मैकफेरस रोड का नाम मेजर धन सिंह थापा मार्ग, मेसीनटायर रोड का नाम मेजर सोमनाथ मार्ग रखने का सुझाव दिया गया है।
न्यू कैंट रोड का नाम यथावत रहेगा। इसके अलावा विंग नंबर एक का नाम लाजपतनगर, विंग नंबर दो का नाम तिलकनगर, विंग नंबर तीन का नाम भगतनगर, विंग नंबर चार का नाम अंबेडकरनगर, विंग नंबर पांच का नाम अटल नगर, विंग नंबर छह का नाम पटेलनगर, विंग नंबर सात का नाम सरोजनीनगर, स्पेशल विंग का नाम विवेकानंद नगर, जनरल विंग का नाम सोमनाथनगर, स्मिथनगर का नाम जसवंत नगर रखने का सुझाव दिया है। नामित सदस्य विनोद पंवार ने बताया कि बोर्ड से पारित प्रस्ताव मध्य कमान को भेजा जाएगा। रक्षा मंत्रालय की मुहर लगने के बाद नाम बदल जाएंगे।



