उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पौड़ी जिला अस्पताल में करोड़ों रुपये की लागत से लगाई गई सीटी स्कैन मशीन लंबे समय से खराब पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह मशीन साल 2022 से बिना उचित सुरक्षा के खुले में रखी गई, जिससे यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जांच में पाया गया कि मशीन के रखरखाव में भारी लापरवाही बरती गई।
इस मामले में तत्कालीन प्रमुख अधीक्षक डॉo विजयेंद्र भारद्वाज को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि सरकारी संसाधनों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अस्पतालों में व्यवस्थाएं सुधारने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।


